सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरगौर-खिरिया रोड पर शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे ग्राम पिपरगौर के सरपंच और उनका बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रहली के पटना बुजुर्ग स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले अभिजीत (15) और विश्वजीत (11) पिता राजेंद्र सिंह तथा शिवाय (10) पिता स्व. सोहन सिंह निवासी पिपरगौर की वार्षिक परीक्षाएं चल रही थीं। शुक्रवार को ग्राम पिपरगौर के सरपंच राजेंद्र सिंह (47) तीनों बच्चों को बाइक से परीक्षा दिलाने स्कूल लेकर गए थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरगौर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई।
हादसे में गंभीर चोट लगने से विश्वजीत और शिवाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरपंच राजेंद्र सिंह और उनका बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रहली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार का इकलौता बेटा था शिवाय
दुर्घटना में मृत छात्र शिवाय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घायल अभिजीत कक्षा 9वीं में पढ़ता है, जबकि मृतक विश्वजीत कक्षा 7वीं और शिवाय कक्षा 4वीं का छात्र था।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


.gif
)
एक टिप्पणी भेजें