सागर |
रानी अवंती बाई लोधी के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आवास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। वे सागर में आयोजित रानी अवंती बाई की जयंती कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री पटेल ने कहा कि मात्र 27 वर्ष की आयु में रानी अवंती बाई ने अंग्रेजों से संघर्ष कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन साहस, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके आचरण का पालन करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने इतिहास को जानने और समझने पर जोर देते हुए कहा कि समाज को अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने लोधी समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की एकता और संस्कार ही उसकी पहचान होते हैं। साथ ही उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि परिवार में महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री पटेल ने कहा कि जो लोग चुनौतियों को स्वीकार कर उनका समाधान करते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान को भी याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि रानी अवंती बाई के पदचिन्हों पर चलकर उनके आदर्शों को अपनाना ही समाज की सच्ची प्रगति है।
इस अवसर पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री प्रहलाद पटेल ने मकरोनिया स्थित रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES