शाहगढ़। जंगल में शिकार करने की फिराक में घूम रहा शिकारी खुद ही वन विभाग के हत्थे चढ़ गया। शाहगढ़ रेंज के बीहड़ जंगल में वन अमले की सतर्क टीम ने एक आरोपी को फिल्मी अंदाज में दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपी के पास से अवैध बंदूक भी बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम गश्त पर थी तभी उन्हें एक संदिग्ध युवक जंगल में बंदूक लेकर घूमता दिखा। टीम ने जैसे ही उसे घेरा, वह भागने लगा। लेकिन वन अमले ने पीछा नहीं छोड़ा और कुछ दूरी पर उसे धर दबोचा। आरोपी ने पकड़ से छूटने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने उसे जमीन पर गिराकर काबू में किया—एक वनकर्मी उसकी पीठ पर चढ़ गया तो दूसरे ने पैर में रस्सी बांध दी। तब जाकर शिकारी पूरी तरह काबू में आया।
वन विभाग के अनुसार पकड़ा गया आरोपी शिवा कंजर अपने एक साथी के साथ संरक्षित वन क्षेत्र में शिकार करने की नीयत से घुसा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बंदूक बरामद की गई है।

 जंगल में सक्रिय शिकारी और लकड़ी माफिया
शाहगढ़ का जंगल विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां तेंदुआ, चीतल, हिरण जैसे वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण शिकारी अक्सर सक्रिय रहते हैं। वहीं सागौन (टीक) के कीमती पेड़ों के चलते लकड़ी तस्करों की भी नजर इस जंगल पर बनी रहती है।
इसी कड़ी में बीला जंगल से एक और मामला सामने आया, जहां लकड़ी से लदी बाइक लेकर भाग रहे चोर वन अमले को चकमा देकर फरार हो गए। रात में गश्त कर रही टीम को देखते ही आरोपी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वन विभाग ने मौके से लकड़ी और दो बाइक जब्त कर ली हैं। अब बाइक नंबर के जरिए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

 आरोपी जेल भेजा, साथी की तलाश जारी
शाहगढ़ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सर्वेश सोनी के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी शिवा कंजर का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। उसके खिलाफ प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग का कहना है कि जल्द ही आरोपी के फरार साथी और लकड़ी चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES