सागर। सागर जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने पदभार संभालते ही अपराध नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया से खुलकर संवाद करते हुए कहा कि जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस, मीडिया और आमजन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि जिले में लंबे समय से लंबित मामलों, विशेषकर चोरी की वारदातों के खुलासे पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सक्रिय अपराधियों और गैंग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस बल की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस समस्या से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। वहीं मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि पुलिस अधिक से अधिक मोबाइल बरामद करने के लिए विशेष अभियान चलाएगी।
गौरतलब है कि इन दिनों सागर शहर में कटरबाज गैंग्स और चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही वारदातों के चलते आमजन में भय का माहौल है। ऐसे में नवागत एसपी के सामने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने की बड़ी चुनौती रहेगी। अब देखना होगा कि उनकी रणनीति जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाती है और सागर की जनता को अपराध से कितनी राहत मिलती है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES