सागर स्टेशन पर हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस में हादसा, चेन पुलिंग कर रोकी गई ट्रेन

सागर। सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरी। घटना देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के कारण ट्रेन करीब 15 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22912 हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान एक महिला यात्री दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ने पहुंची। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई।

घटना देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया। ट्रेन में सवार एक यात्री ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और यात्रियों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेल पुलिस के अनुसार, महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक जांच के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Post a Comment

और नया पुराने
RNVLive NEWS WEB SERVICES